मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की एक छात्रा का गला रेतकर उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में 23 वर्षीय व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर सांवेर कस्बे में अमन शेख (23) ने बृहस्पतिवार दोपहर एमबीए की एक छात्रा के गले पर चाकू से हमला किया.
उमाकांत चौधरी ने बताया कि छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है. शेख को छात्रा की हत्या का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
डीएसपी ने बताया,‘‘युवती ने हमें बताया कि आरोपी और उसने एक ही महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई की थी. आरोपी उसका पीछा करके उससे जबरन बात करने की कोशिश करता था. युवती ने जब आरोपी के साथ बात करने से इनकार कर दिया, तो उसने विवाद करते हुए युवती पर चाकू से हमला कर दिया.''
घायल छात्रा के परिजनों का आरोप है कि शेख उसे पिछले तीन साल से परेशान कर रहा था और मना किए जाने पर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था.
इस बीच, एमबीए छात्रा की हत्या के प्रयास की वारदात को लेकर आक्रोशित हिन्दू संगठनों के आह्वान पर सांवेर में शुक्रवार को आधे दिन तक बाजार और अन्य प्रतिष्ठान बंद रखे गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सांवेर में हालात फिलहाल शांतिपूर्ण हैं.
from NDTV India - Latest https://ift.tt/L3ibs80
No comments:
Post a Comment